मुंबई महानगर क्षेत्र के लाखों लोगों को अपनी मंज़िल तक पहुँचाने में पश्चिम रेलवे के मुंबई उपनगरीय खंड का महत्त्वपूर्ण योगदान है। पश्चिम रेलवे की उपनगरीय ट्रेनें एक सप्ताह में लगभग चाँद तक की दूरी तय करती है। मुंबई में पश्चिम रेलवे के उपनगरीय खंड शहर के व्यावसायिक केन्द्र चर्चगेट से दहाणू रोड तक 123 कि.मी. की दूरी में फैला हुआ है तथा इस खंड पर कुल 36स्टेशन हैं। इस खंड पर पहली इलेक्ट्रिक ट्रेन की शुरुआत 1928 में कोलाबा से अंधेरी के मध्य हुई थी। इसके पश्चात नेटवर्क के गहन विस्तार के साथ आज सेवाओं की संख्या 1305 है तथा प्रतिदिन इनमें लगभग 35 लाख से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। पश्चिम रेलवे पर यात्री घनत्व 60,000 यात्री प्रति कि.मी. है, जो विश्व के किसी भी अग्रणी मेट्रो रेलों में से सबसे अधिक है।
